
, ब्यूरो रिपोर्ट,
हजारीबाग। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के तोरार गांव में अवैध संबंध के आरोप को लेकर हुई जगेश्वर भुइयां की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना 6 सितंबर की रात हुई थी। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

घटना को लेकर मृतक की पत्नी फुलमति देवी के लिखित आवेदन पर कटकमसांडी थाना में कांड संख्या 140/26, दिनांक 7 सितंबर 2026 को धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डिबल बांध गांव के मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप और रतन कुजूर को गिरफ्तार किया। दोनों कटकमसांडी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया कथित अवैध संबंध का मामला
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जगेश्वर भुइयां का गांव की ही एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध था। इसी को लेकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस मामले में सामने आए सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
लाठी-डंडा और मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे बरामद किए हैं। इसके अलावा मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप के पास से रियलमी कंपनी का स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी टीम में मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन, पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन महथा, कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, पुलिस अवर निरीक्षक फिलीप बारला, सहायक अवर निरीक्षक योगेन्द्र मेहता और कटकमसांडी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।









