
, ब्यूरो रिपोर्ट,
देवघर : 17 ग्राम ब्राउन शुगर और ₹1.05 लाख नकद बरामद, बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब ₹3.50 लाख
देवघर: जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ देवघर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जमुनिया यात्री रोड के पास कुछ अपराधी ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए इकट्ठा होकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने जोगिया जंगल के पास यात्री शेड के समीप छापेमारी की। इस दौरान 7 आरोपियों को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से करीब 17 ग्राम ब्राउन शुगर और ₹1,05,000 नकद बरामद किया गया। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब ₹3.50 लाख बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से दो का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। एक आरोपी के खिलाफ कुंडा थाना और दूसरे के खिलाफ मोहनपुर थाना में मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नशे से दूर रखें और बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री अथवा सेवन करते हुए पकड़े जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।









