
, ब्यूरो रिपोर्ट,
BREAKING_NEWS
साहेबगंज के सीएससी में पाए गए अनियमितता जैसी पुनरावृत्ति न हो इसका विशेष ध्यान रखें पदाधिकारी
सीएससी की सेवाएं सिर्फ और सिर्फ भारतीय नागरिकों के लिए
विदेशी नागरिक के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने अथवा जमा कराने में सहयोग करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
निर्वाचन संबंधी डाटा में मैन्युपुलेशन अथवा फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले सीएससी केंद्रों पर होगी सख्त कार्रवाई

रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को राज्य के सभी जिलों के सीएससी (Common Service Centre) प्रबंधकों एवं उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन माध्यम से बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि साहेबगंज के सीएससी में पाए गए अनियमितता जैसी पुनरावृत्ति न हो इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर के लिए विशेष रूप से कोई नया जाति प्रमाण-पत्र अथवा आवासीय प्रमाण-पत्र बनवाने की आवश्यकता नहीं है। सत्यापन का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप नागरिकों के पास पहले से उपलब्ध वैध दस्तावेजों एवं अभिलेखों के आधार पर किया जाना है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एसआईआर के सत्यापन के क्रम में सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत किया गया वैध परिवारिक सूची/वंशावली, खतियान की प्रति एवं अन्य उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर ही आवश्यक सत्यापन किया जा सकता है। उक्त दस्तावेज ही जाति अथवा आवासीय प्रमाण पत्र बनाने के लिए उपयोग में लाये जाते हैं। ऐसे में केवल एसआईआर के उद्देश्य से नागरिकों को अनावश्यक रूप से नए प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए प्रेरित अथवा बाध्य नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि सीएससी की सेवाएं सिर्फ और सिर्फ भारतीय नागरिकों के लिए ही होती हैं, केंद्र संचालक भारतीय नागरिकों को सही प्रक्रिया की जानकारी दें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही सेवाएं उपलब्ध कराएं।

के. रवि कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी डाटा में किसी भी प्रकार का उम्र संबंधी मैन्युपुलेशन, अनधिकृत बदलाव अथवा छेड़छाड़ नहीं की जाए। फर्जी दस्तावेज तैयार करने अथवा इसमें सहयोग करने का मामला सामने आता है, तो संबंधित सीएससी केंद्र की भूमिका की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध भी प्रचलित नियम एवं कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सभी उप निर्वाचन पदाधिकारियों एवं सीएससी प्रबंधकों को निर्देश दिया कि इन निर्देशों से सभी सीएससी केंद्रों को तत्काल अवगत कराते हुए उनकी गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह सहित ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं सीएससी मैनेजर उपस्थित थे।









