
, ब्यूरो रिपोर्ट,
चतरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। छुट्टी के दिन पिकनिक मनाने गए तीन दोस्तों में से दो की नदी में डूबने से मौत हो गई है,

जबकि उनका तीसरा साथी अब भी लापता है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत स्थित घूरनाडीह गांव की कड़गु पटेर (तड़गू) नदी में शुक्रवार को यह दर्दनाक हादसा हुआ।

मृतकों की शिनाख्त चौर मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय अंश प्रकाश और धनगरटोली निवासी 14 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त नदी किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे।

पास्ता बनाकर खाने के बाद वे नहाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण डूब गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक शव नदी के अंदर से और दूसरा किनारे से बरामद किया।

घटनास्थल से दो साइकिलें, तीन जोड़ी चप्पलें और दो बैग मिले हैं। एसडीपीओ ने बताया कि लापता तीसरे बच्चे की सघन तलाश की जा रही है। पुलिस इस बात की भी गहन तफ्तीश कर रही है कि तीसरा बच्चा पानी में डूबा है या हादसे से डरकर कहीं छिप गया है।

सदर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद सदर अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया है।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि बच्चे वहां कैसे पहुंचे और उनके साथ और कौन-कौन था।









