
धनबाद : नीतीश कुमार की रिपोर्ट,
धनबाद : जिले के कुमारधुबी क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर अब टिकट आरक्षण काउंटर दो पालियों में संचालित होगा। गुरुवार से यात्रियों को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक टिकट आरक्षण और कैंसिलेशन की सुविधा मिलने लगी है। लंबे समय से चली आ रही यात्रियों की मांग पूरी होने पर स्थानीय लोगों ने धनबाद सांसद ढुलू महतो के प्रति आभार जताया है।
अब तक कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर पीआरएस यानी पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम काउंटर केवल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही खुलता था। इसके बाद टिकट आरक्षण या कैंसिलेशन कराने के लिए लोगों को बराकर सहित दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता था।
लेकिन अब दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक भी आरक्षण काउंटर खुलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न सिर्फ क्षेत्रवासियों की परेशानी कम होगी, बल्कि कुमारधुबी स्टेशन के राजस्व में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि धनबाद सांसद ढुलू महतो की पहल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आरक्षण काउंटर को दो पालियों में संचालित करने की स्वीकृति दी थी। इसके बाद आसनसोल रेल मंडल प्रबंधक संग्रह मौर्य की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया।
हाल ही में भाजपा नेता अशोक मंडल, जय प्रकाश सिंह और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने भी आसनसोल डीआरएम से मुलाकात कर सांसद का पत्र सौंपा था।
वहीं कुमारधुबी रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर भी काम तेज होने की उम्मीद है। स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से यहां फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, नई स्टेशन बिल्डिंग और स्टेशन रोड के निर्माण की योजना है। गतिशक्ति के माध्यम से सर्वे भी किया जा चुका है और स्टेशन का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
कुल मिलाकर कुमारधुबी स्टेशन पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक आरक्षण सुविधा शुरू होने से हजारों रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही उनकी मांग अब पूरी हो गई है और इससे कुमारधुबी क्षेत्र के रेल यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।









