
धनबाद ब्यूरो : नीतीश कुमार की रिपोर्ट,
धनबाद। बुधवार शाम क्षेत्र भ्रमण के दौरान धनबाद के मेयर संजीव सिंह पुलिस लाइन के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क दुर्घटना में घायल एक अज्ञात व्यक्ति पर पड़ी। घायल व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेयर ने बिना देर किए अपनी गाड़ी रुकवाई और उसे तत्काल अपनी गाड़ी में बैठाकर इलाज के लिए SNMMCH पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने के बाद मेयर संजीव सिंह स्वयं वहां मौजूद रहे और डॉक्टरों की टीम से घायल का बेहतर एवं तत्काल इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने चिकित्सकों से घायल की स्थिति की जानकारी ली और इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहने देने को कहा।
घायल की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे बड़े चिकित्सा संस्थान में रेफर किया गया। मेयर की पहल पर तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को आगे के इलाज के लिए रवाना कराया गया।
मेयर संजीव सिंह की इस संवेदनशील पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते आम लोगों की सेवा और संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा होना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। घायल व्यक्ति की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी।
मेयर की तत्परता से दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।









