
ब्यूरो रिपोर्ट,
धनबाद में आसनसोल-गया मेमू ट्रेन में एक फर्जी महिला टीटीई को यात्रियों की सूचना पर महिला स्क्वाड ने पकड़ा। आरोपी महिला को धनबाद स्टेशन पर उतारकर रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिससे पूछताछ जारी है।
धनबाद। अभी-अभी तो खुद को टीटीई बताकर टिकट चेकिंग कर रही थी, देखिए-देखिए, पकड़िए उसको, बगल वाली कोच में होगी…। इनता सुनते ही ट्रेन में टिकट जांच कर रही धनबाद की महिला स्क्वाड के होश उड़ गये।
महिला स्क्वाड की प्रभारी नूतन माला कुजूर और अन्य ने उसे ढूंढ़ निकाला। कमर्शियल कंट्रोल को सूचना दी और धनबाद स्टेशन पर उतार लिया। वाकया आसनसोल से गया जा रही मेमू ट्रेन का है।
दोपहर में आसनसोल से खुली आसनसोल-गया मेमू में धनबाद की महिला स्क्वाड आसनसोल से धनबाद तक टिकट जांच कर रही थी। इसी बीच कुछ यात्रियों और हाकरों ने बताया कि एक महिला स्वयं को टीटी बताकर टिकट जांच कर रही है। महिला स्क्वाड ने थोड़ी ही देर में उस महिला को पकड़ लिया।
जांच के बाद धनबाद कमर्शियल कंट्रोल को सूचना दी। ट्रेन के धनबाद पहुंचने पर डिप्टी एसएस और आरपीएफ पहुंची और महिला स्क्वाड के साथ उस महिला को उतारा गया। आरपीएफ ने आरोपित महिला को रेल पुलिस के हवाले कर दिया। रेल पुलिस पूछताछ कर रही है।
संबंधित रेलकर्मी या 139 पर तुरंत दें सूचना,
घटना को लेकर रेल प्रशासन ने यात्रियों के लिए अपील जारी की है। रेलवे की ओर से कहा गया कि यदि कोई संदिग्ध रूप से रेलवे कर्मचारी बन कर टिकट जांच या अन्य किसी प्रकार की गतिविधि में दिखे तो तुरंत संबंधित रेलकर्मी को सूचना दें। यात्री हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी सूचित कर सकते हैं।









