
, ब्यूरो रिपोर्ट,
इमली कोठी के पास देर रात हादसा, चालक घायल; बिजली आपूर्ति ठप होने से सुबह से परेशान रहे लोग

हजारीबाग। इमली कोठी के पास मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे के बाद वार्ड 31 समेत खिरगांव और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली पोल में ट्रक की टक्कर के बाद विद्युत ढांचा क्षतिग्रस्त होने से लोगों को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं रहने का सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब साढ़े दस बजे इमली कोठी के पास हुआ। बड़ा बाजार थाना प्रभारी के अनुसार, एक स्कॉर्पियो के चकमा देने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रात से ही बंद रही बिजली, सुबह पानी के लिए बढ़ी परेशानी
वार्ड 31 की पार्षद सुधा कुमारी ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना रात में ही मिल गई थी। इसके बाद से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। सुबह होते ही लोगों की परेशानी और बढ़ गई, क्योंकि बिजली नहीं रहने के कारण पानी की मोटर और जलापूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाएं भी प्रभावित हुईं।
पार्षद के अनुसार, सुबह से लगातार स्थानीय लोगों के फोन आ रहे थे। लोग बिजली आपूर्ति बहाल होने का समय पूछ रहे थे। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या के कारण आम लोगों को पानी के साथ-साथ मोबाइल चार्ज करने और रोजमर्रा के जरूरी कामों में भी परेशानी हुई।
कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
पार्षद ने बताया कि हादसे को लेकर मुकेश जी के माध्यम से बड़ा बाजार थाने में कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी की प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे के कारण उत्पन्न बिजली संकट को देखते हुए क्षतिग्रस्त विद्युत ढांचे की जल्द मरम्मत की मांग की है।
गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किल
बारिश के मौसम के बावजूद उमस और गर्मी से लोग पहले से परेशान हैं। ऐसे में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से स्थिति और असहज हो गई। खासकर पेयजल को लेकर लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को क्षतिग्रस्त पोल और विद्युत लाइन की मरम्मत में तेजी लाकर आपूर्ति जल्द सामान्य करनी चाहिए।









