
धनबाद पुलिस की बड़ी पहल: अब किताब में देखिये और पढ़िए साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय
धनबाद : साइबर फ्रॉड एक बड़ी समस्या बन गई है. गांव हो अथवा शहर, स्कूल हो अथवा कॉलेज, पढ़े-लिखे लोग हो अथवा अनपढ़, सभी साइबर क्रिमिनलों की जाल में फंस जा रहे है. धनबाद पुलिस ने लोगों को साइबर क्रिमिनल से बचाने का एक अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत गांव से शहर तक, स्कूल से कॉलेज तक लोगों को जागरूक किया जा रहा है. धनबाद पुलिस ने साइबर ठगी से लोगों को बचाने के लिए 17 से 21 अगस्त तक विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है.
सोमवार को पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने साइबर जागरूकता पुस्तक का विमोचन किया. इस पुस्तक में साइबर ठगी से बचने के आसान तरीके बताए गए हैं. इसे स्कूलों और आम लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है. अभियान के तहत दो एलईडी प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. ये वाहन जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में जाकर साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे. इसके अलावा चौक-चौराहों पर होर्डिंग, सोशल मीडिया और सिनेमाघरों के जरिए भी जागरूकता संदेश दिए जाएंगे.
सभी सरकारी स्कूलों में एक घंटे का विशेष साइबर जागरूकता सत्र आयोजित करने की योजना है. विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए ‘साइबर मित्र’ बनाने की भी पहल की जाएगी. एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अभियान का लक्ष्य धनबाद की करीब 35 लाख आबादी को साइबर ठगी से बचाना है. स्कूल-कॉलेजों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर लोगों को फर्जी लिंक, ओटीपी, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया ठगी से बचने के तरीके बताए जाएंगे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षक, पुलिस अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे. बच्चों ने खुद जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाने का संकल्प लिया.









