
, ब्यूरो रिपोर्ट,
बोकारो में होमगार्ड के 189 रिक्त पदों पर बहाली की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। 45 दिनों के भीतर बहाली का नोटिफिकेशन जारी करने के आश्वासन के बावजूद अब तक अधिसूचना जारी नहीं होने से छात्रों में नाराजगी है। शनिवार को छात्र अपनी मांगों को लेकर बोकारो उपायुक्त से मिलने पहुंचे और जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

दरअसल, बोकारो जिले में होमगार्ड के कुल 1974 स्वीकृत पद हैं, जिनमें फिलहाल 1785 जवान कार्यरत हैं। ऐसे में 189 पद रिक्त हैं। इन पदों पर बहाली की मांग को लेकर छात्र पिछले दिनों आंदोलन भी कर चुके हैं।
छात्रों का कहना है कि आंदोलन के बाद बोकारो उपायुक्त ने 45 दिनों के भीतर बहाली का नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया था। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।

शनिवार को छात्रों ने उपायुक्त से मुलाकात कर रिक्त पदों पर जल्द बहाली प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। साथ ही छात्रों ने कहा कि बहाली में बोकारो जिले के ग्रामीण क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नोटिफिकेशन जारी कर बहाली प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, छात्रों से मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही नोटिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अब देखना होगा कि 189 रिक्त पदों पर बहाली को लेकर अधिसूचना कब तक जारी होती है और युवाओं को इसका लाभ कब मिलता है।
फिलहाल छात्रों ने साफ कर दिया है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।









