
ब्यूरो रिपोर्ट,
धनबाद : एमएमडीआर संशोधन बिल के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा आज राज्य भर के सभी 260 प्रखंड मुख्यालय पर धरना दिया जा रहा है.इसी कड़ी में धनबाद प्रखंड मुख्यालय पर भी झामुमो के द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। साथ ही कीर्तन के माध्यम से भगवान से केंद्र सरकार को सदबुद्धि देने की कामना की गई.

भारी बारिश के बीच झामुमो कार्यकर्ता बड़ी संख्या में इस विरोध धरना प्रदर्शन में शामिल हुए.धरना में झामुमो वरिष्ठ नेता सह पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, उपाध्यक्ष मुकेश सिंह, रमेश टुडू मौजूद हुए. झामुमो ने विधेयक को वापस लेने की मांग की.

धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक से झारखंड के खनिज संसाधनों और राज्य के आर्थिक हितों पर असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि विधेयक पर पुनर्विचार हो।

झामुमो वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने एमएमडी आर बिल लाकर झारखण्ड के साथ ना इंसाफ़ी की है.उन्होंने सीधे तौर पर भाजपा की केंद्र सरकार पर झारखण्ड के रेवेन्यू को रोकने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को चलाते आ रही है जिसके फ्लस्वरूप यह सरकार दोबारा बहुमत से जीत कर सत्ता में आयी पर भाजपा को यह रास नहीं आ रही है।









