
, ब्यूरो रिपोर्ट,
धनबाद : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार को हवाई यात्रा के जरिए धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर राज्यपाल का एसएसपी, डीडीसी समेत IIT-ISM के निदेशक प्रोफेसर धीरज कुमार और रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय ने स्वागत किया। राज्यपाल के आगमन को लेकर बरवाअड्डा हवाईअड्डे से लेकर IIT-ISM तक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी।


राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार इसके बाद IIT-ISM पहुंचे, जहां दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए। सबसे पहले गोल्डन जुबली लेक्चर थियेटर में आरोग्य भारती की राष्ट्रीय पर्यावरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।


कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य और पर्यावरण का संबंध बेहद गहरा है। स्वच्छ वायु, निर्मल जल, पौष्टिक आहार और संतुलित जीवनशैली स्वस्थ जीवन के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषित होगा तो इसका सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर पड़ेगा।

राज्यपाल ने जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण और जैव विविधता के संरक्षण को बड़ी चुनौतियां बताते हुए कहा कि इनका समाधान सिर्फ सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज, शैक्षणिक संस्थानों, चिकित्सकों, वैज्ञानिकों और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

कार्यशाला में स्थानीय, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर पर्यावरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों, चुनौतियों और उनके समाधान पर विशेषज्ञों ने चर्चा की।
इसके बाद पेनमैन ऑडिटोरियम में एकल अभियान के तहत आचार्य एवं व्यास सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एकल अभियान से जुड़े कार्यकर्ता, IIT-ISM के निदेशक, अधिकारी और फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने एकल विद्यालय के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और एकल अभियान से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, उन्होंने देश के कई जिलों में लगातार कम हो रहे भूगर्भीय जलस्तर को बड़ी चुनौती बताते हुए इस दिशा में देश के सभी राज्यों को मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया।









