
, ब्यूरो रिपोर्ट,
धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में एनएच-19 पर शनिवार तड़के को बिहार के गया से कोलकाता जा रही महारानी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना में आठ यात्री घायल हो गए। इनमें चार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा।


बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में कोलकाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करने के दौरान बस सड़क के बीच बने तार वाले डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस बीच सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

बस में सवार यात्री बलिराम सिंह ने बताया कि सभी लोग खाना खाने के बाद बस में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और बस पलट गई। कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ है। उन्होंने बताया कि हादसे में कई यात्रियों को चोट लगी है। किसी के पैर में, किसी के हाथ में तो किसी के सिर में चोट आई है। चार यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसे के बाद यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं, घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाकी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।









