
, ब्यूरो रिपोर्ट,
धनबाद : जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डांगी पहाड़ी की तलहटी के पास सिर कटा शव मिलने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम विवाह से नाराजगी के चलते साजिश रचकर हत्या की गई। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।

दरअसल, 11 सितंबर 2026 को बलियापुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि डांगी पहाड़ी की तलहटी के पास एक लड़की का सिर कटा शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां लड़की का धड़ और कुछ दूरी पर एक बोरे में उसका सिर बरामद किया गया।

जांच के दौरान शव की पहचान गिरिडीह जिले के बेगाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी संदीप रवानी की बेटी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, लड़की 9 सितंबर से लापता थी। इसके बाद मृतका के पिता के लिखित आवेदन पर बलियापुर थाना दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय राम रवानी, किशोर महतो, आलमनी देवी और राम प्रसाद रजवार के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि संतोष रवानी के पुत्र कुष रवानी ने मृतका से प्रेम विवाह किया था, जिसे लेकर परिवार में नाराजगी थी। आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते लड़की को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची गई और योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर शव को छिपाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक बड़ा धारदार छुरा, मृतका की चप्पल और पूजा सामग्री बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।









