
राम मंदिर ट्रस्ट में महिला सदस्य को शामिल करना सकारात्मक कदम : अन्नपूर्णा देवी

दिल्ली : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान देश की जीडीपी वृद्धि को केंद्र सरकार के कुशल प्रबंधन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और यह केंद्र सरकार की नीतियों एवं प्रयासों का परिणाम है। केंद्रीय मंत्री ने अयोध्या स्थित राम मंदिर ट्रस्ट में नए सीईओ की नियुक्ति और पहली बार महिला सदस्य को शामिल किए जाने का स्वागत किया। उन्होंने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ मंदिर में मिलने वाली सुविधाओं का भी सकारात्मक विस्तार होगा।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में हो रही प्रगति देश की विकास यात्रा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश निरंतर आर्थिक मजबूती की दिशा में आगे बढ़ रहा है। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय मंत्री ने रांची में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग दोहराई। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री ने देश की आर्थिक प्रगति, राम मंदिर ट्रस्ट में किए गए बदलाव और झारखंड में छात्र आंदोलनों से जुड़े मुद्दों पर विचार रखे।









