
कोडरमा ब्यूरो : रतन कुमार की रिपोर्ट,
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 225 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

नवलशाही। स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में ललिता देवी के सहयोग से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 9वीं तक के 225 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया और नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ललिता देवी, काजल कुमारी, आफरीन प्रवीण, कलावती देवी, सुबोध विश्वकर्मा एवं आशीष मिस्त्री सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि भारत को नशा मुक्त बनाने के अभियान में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य सुबोध विश्वकर्मा एवं निदेशक रतन कुमार साव द्वारा अतिथियों एवं ललिता देवी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, बचाव के उपाय एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों को दिलाई गई राष्ट्रीय शपथ
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत के लिए राष्ट्रीय शपथ भी दिलाई गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा एवं समय का उपयोग शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों तथा राष्ट्र निर्माण में करने की अपील की। साथ ही स्वयं नशा मुक्त रहने और अपने मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया गया।
प्राचार्य सुबोध विश्वकर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और मजबूत संस्कार सफल जीवन की नींव हैं। प्रत्येक विद्यार्थी नशे को दृढ़ता से ‘न’ कहकर स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम का संचालन रतन कुमार साव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की सहयोगी शिक्षिका ललिता देवी ने किया।
मौके पर खरखार की मुखिया अंजू देवी सहित उनके सहयोगी, शिक्षिका पम्मी कुमारी, काजल कुमारी एवं विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।









