
, ब्यूरो रिपोर्ट,
साहिबगंज : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों में लूट खसोट का लगाया आरोप, जांच की मांग

साहिबगंज: साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने सवाल उठाए हैं। जहां उन्होंने निर्माण कार्यों में कथित अनियमितता और सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। राजद जिलाध्यक्ष का आरोप है कि स्टेशन परिसर में अमृत भारत योजना के नाम पर चल रहे विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि जिस स्तर का कार्य धरातल पर दिखाई दे रहा है, उसके मुकाबले खर्च होने वाली राशि की पारदर्शिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

वही उन्होंने संबंधित विभाग एवं रेलवे के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, इस्तेमाल की जा रही सामग्री तथा योजना के तहत स्वीकृत राशि और वास्तविक खर्च का सार्वजनिक रूप से विवरण जारी करने की मांग की। साथ ही उन्होंने पूरे कार्य की स्वतंत्र जांच कराने की भी मांग रखी है।


आगे राजद जिलाध्यक्ष ने कहा कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्था से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। जहां मामले में रेलवे विभाग या संबंधित निर्माण एजेंसी का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।









