
ब्यूरो : रतन कुमार,
कोडरमा : चंदा चोरी के आरोपों की जांच और MMDR खान-खनिज संशोधन बिल के विरोध में कांग्रेस 7 सितंबर को राजभवन का घेराव करेगी। इसी को लेकर आज कोडरमा के गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में जिला कांग्रेस की अहम बैठक हुई। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी और पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की संयुक्त बैठक जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक की अध्यक्षता में हुई।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष अज्जू सिंह ने किया। बैठक में रांची में होने वाले प्रदर्शन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और कोडरमा से रांची जाने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव विजय यादव ने कहा कि चंदा चोरी और MMDR बिल दोनों ही जनता और देश की प्राकृतिक संपदा से जुड़े मुद्दे हैं।

झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, इसकी संपदा का उपयोग जनता के हित में होना चाहिए। वहीं जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक ने कहा कि चंदा चोरी के आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। 7 सितंबर को कोडरमा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रांची कूच करेंगे।

बैठक में तय किया गया कि 7 सितंबर को सुबह 7 बजे मदन गुंडी टोल प्लाजा से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता रांची के लिए रवाना होंगे और राजभवन घेराव में शामिल होंगे।

बैठक में प्रदेश प्रवक्ता भागीरथ पासवान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अशरफ अली, राजेंद्र जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।









