
धनबाद ब्यूरो : नीतीश कुमार की रिपोर्ट,
धनबाद : जिले के एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में आज खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कॉलेज की सैकड़ों छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के युवाओं और Gen-Z के साथ हुए सीधे संवाद को गौर से सुना।

इस दौरान धनबाद विधायक राज सिन्हा, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी समेत महाविद्यालय प्रशासन भी मौजूद रहा। प्रधानमंत्री के खेल और युवाओं को लेकर दिए गए संदेश ने छात्राओं में नया जोश और उत्साह भर दिया।

एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के सभागार में आयोजित खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को छात्राओं ने बड़ी गंभीरता से सुना। कई छात्राएं पीएम मोदी के वक्तव्यों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करती और उनकी तस्वीरें लेती भी नजर आईं। प्रधानमंत्री के प्रति छात्राओं का खासा क्रेज कार्यक्रम के दौरान साफ तौर पर दिखाई दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के Gen-Z और युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि युवाओं के मन में नए-नए आइडिया आने चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन या मेडल जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल हमें जीवन की चुनौतियों से लड़ना भी सिखाते हैं।



प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका स्पोर्ट्स विजन विकसित भारत के निर्माण में देश की खेल क्षमता और युवा शक्ति को एकजुट करने का अभियान है।


पीएम मोदी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जो खेलते हैं, वे खिलते हैं। खेल में खिलने का मतलब सिर्फ मैदान पर जीत हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार और देश के विकास में योगदान देना भी है।
उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी सफलता हासिल करता है तो उसकी पहचान के साथ-साथ उसके परिवार, स्कूल, कॉलेज, जिले और राज्य का भी मान बढ़ता है।
कार्यक्रम के बाद कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी ने खेलो इंडिया संवाद को छात्राओं के भीतर खेल भावना विकसित करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना जरूरी है और प्रधानमंत्री का यह संवाद युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करेगा।
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि आज देश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए जिस तरह का माहौल तैयार किया जा रहा है, उससे आने वाले दिनों में भारत की युवा प्रतिभाएं दुनिया में देश का नाम रोशन करेंगी।
कार्यक्रम में शामिल छात्राओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवाद ने उनके भीतर खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह भरा है। छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की।
कुल मिलाकर, खेलो इंडिया संवाद के जरिए एसएसएलएनटी महिला कॉलेज की छात्राओं को न सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को सीधे सुनने का मौका मिला, बल्कि खेल को करियर और जीवन का अहम हिस्सा बनाने की प्रेरणा भी मिली। कार्यक्रम के बाद छात्राओं में खेल को लेकर उत्साह और नई ऊर्जा साफ तौर पर देखने को मिली।









