
झारखंड स्टेट ब्यूरो : रामकृष्ण मेहता की रिपोर्ट,
कोडरमा जिला में दिल को दहला देने वाली घटना लगातार घट रही है इसका जिम्मेवार कौन?
कोडरमा। जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत राजारायडीह गांव से बीते 24 घंटे से लापता एक बच्चे का शव उसके ही घर के बगल के झाड़ियां से बरामद हुआ है। मृतक बच्चे की पहचान प्रकाश राणा के 13 वर्षीय पुत्र अभिनंदन कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार अभिनंदन सोमवार की सुबह करीब 7:00 बजे शौच के लिए अपने घर से निकला था और फिर वापस अपने घर नहीं आया था। इधर काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी नहीं मिलने पर मरकच्चो थाना पहुंचे और अपने बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट वहां दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस भी बच्चे की तलाश में जुट गई थी। इधर देर शाम तक जब बच्चे का कुछ पता नहीं चला तो पुलिस व परिजनों द्वारा बच्चों की तस्वीर, मोबाइल नंबर के साथ सभी व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दिए गए। जिसके बाद मंगलवार के अहले सुबह राजारायडीह गांव के बगल में स्थित तालाब की ओर कुछ ग्रामीण शौच करने के लिए गए हुए थे, इसी दौरान वहां उन्हें एक बच्चे का शव दिखाई पड़ा। इसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना गांव वालों को दी। सूचना पाकर लापता बच्चे के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पहुंच कर जैसे ही उन्होंने शव को देखा, वैसे ही उनकी चीख पुकार निकल गई। उन्होंने बच्चे के शव को देखते ही शिनाख्त कर लिया कि ये उनका ही 13 वर्षीय पुत्र अभिनंदन कुमार था। जिसके बाद हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने शव के साथ मरकच्चो – बरियाडीह मार्ग जाम कर दिया। कोडरमा की जनता कितना सुरक्षित? हम तो पूछेंगे.









