
, कोडरमा ब्यूरो – रतन कुमार की रिपोर्ट,
कोडरमा : मरकच्चो थाना क्षेत्र के नावाडीह पंचायत के बहादुरपुर गांव में एक 19 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका की पहचान गुंजन देवी पति विवेक यादव के रूप में हुई है। घटना के संबंध में पड़ोसी पंकज यदुवंशी ने बताया कि गुंजन देवी रक्षाबंधन के लिए अपने मायके जाना चाह रही थी, लेकिन ससुराल वाले उसे जाने नहीं दे रहे थे। उनका कहना था कि अभी जाने का समय नहीं है। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। दोपहर में गुंजन के मायके वाले भी आए और समझा-बुझाकर चले गए। इसके बाद शाम को गुंजन ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसकी सास ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। खिड़की से देखने पर गुंजन फंदे पर झूलती हुई दिखाई दी। इसके बाद हल्ला होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची मरकच्चो थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा और अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि गुंजन की शादी अप्रैल 2026 में हुई थी। उसका मायका गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के बुड़ियाबाद गांव में है। गुंजन का फिलहाल पति दिल्ली में है। इसका घर में केवल सास है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









