
धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वकर्मा प्रोजेक्ट में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 40 की संख्या में पहुंचे असामाजिक तत्वों ने बीसीसीएल के कांटा घर मे वर्चस्व को लेकर हाजिरी घर के समीप बीसीसीएल कर्मियों पर लाठी-डंडे से अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बीसीसीएल में ड्रिल हेल्पर के पद पर कार्यरत देवेंद्र रावत और काटा बाबू दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और देवेंद्र रावत पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। हमले में देवेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उनके सिर में 7 से 8 टांके लगाए गए हैं। उसके बाद काटा बाबू दीपक कुमार को भी हमलावरों ने बेरहमी से पीट दिया, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे प्रोजेक्ट क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में दोनों घायलों को बीसीसीएल प्रबंधन की मदद से धनबाद के सेंट्रल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
इस संबंध में विश्वकर्मा प्रोजेक्ट के फोरमैन इंचार्ज कुंवर सिंह ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे अचानक करीब 40 की संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और कटा घर के पास मौजूद देवेंद्र रावत और दीपक कुमार पर जोरदार हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना तुरंत धनसार थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









