
उड़ीसा बैंक डकैती का धनबाद में उद्भेदन,
धनबाद : उड़ीसा राज्य के क्योंझर जिले के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई करोड़ों रुपये की बैंक डकैती का झारखंड पुलिस और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सफल उद्भेदन कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने धनबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि डकैती में लूटा गया सोना और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है।
बताया गया कि 19 जनवरी 2026 को अज्ञात अपराधियों द्वारा बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बड़बिल में डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में बड़बिल थाना मैं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
अनुसंधान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्योंझर प्रत्युष मोहपात्रा के नेतृत्व में उड़ीसा पुलिस की टीम धनबाद पहुँची। इसके बाद उड़ीसा एवं धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने धनबाद जिले के निरसा और सिन्दरी क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 288 ग्राम लूटा गया सोना, घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए।
इस कार्रवाई में राजा कुमार सिंह निवासी जमुई, बिहार, वर्तमान पता चासनाला, धनबाद तथा कुणाल राज वर्मा निवासी निरसा, धनबाद को गिरफ्तार किया गया है।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि डकैती के दौरान करीब 5 से 6 किलो सोना लूटा गया था, जिसकी कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। उन्होंने बताया कि यह एक चुनौतीपूर्ण मामला था, जिसे त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक सुलझाया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।









