
धनबाद : झरिया स्थित बीसीसीएल एरिया संख्या-10 अंतर्गत एंटी एसटी विभागीय परियोजना में बीसीसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर कोयला व्यवसायी एवं झामुमो नेता हरीश सिंह भड़क गए। शुक्रवार को उन्होंने मीडिया के समक्ष प्रेस वार्ता कर एलबी सिंह और उनके भाई कुंभनाथ सिंह पर गंभीर आरोप लगाए।
हरीश सिंह ने कहा कि इन दोनों के द्वारा क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन रंगदारी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट इन्हीं के गुर्गों द्वारा की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि बीसीसीएल केंद्र सरकार के अधीन आता है और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अधीन कार्यरत संस्था में इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन हर बार मामले को दबा दिया जाता है। नियमों के अनुसार किसी अधिकारी या कर्मचारी से मारपीट या दुर्व्यवहार होने पर संबंधित ठेकेदार या कंपनी को काम से हटाया जाना चाहिए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
हरीश सिंह ने मांग की कि संबंधित कंपनी को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मजदूरों की क्या गलती थी, जिन्हें लाठी-डंडों से पीटा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे के लालच में कार्रवाई नहीं हो रही है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो रंगदारी और हिंसा का दायरा और बढ़ेगा।









