
धनबाद : निरसा विधानसभा क्षेत्र के भलजोड़िया रोड स्थित मां कामाख्या ज्वेलर्स में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जानकारी के अनुसार उड़ीसा पुलिस ने दुकान और उसके नीचे स्थित गोदाम में रेड की, जहां से कुछ आभूषण जब्त किए जाने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई उड़ीसा में घटे किसी मामले से जुड़ी बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि एमपीएल ओपी क्षेत्र के एक व्यक्ति की इस कांड में भूमिका हो सकती है। रेड के दौरान निरसा थाना और एमपीएल ओपी की पुलिस टीम भी उड़ीसा पुलिस के साथ मौजूद रही। रेड की एक्सक्लूसिव तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि मां कामाख्या ज्वेलर्स के गोदाम में पुलिस टीम तलाशी ले रही है और कुछ सामान जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद गोदाम को सील कर ताला लगाया गया, जिसके पश्चात पुलिस टीम वहां से रवाना हो गई। मौके पर मौजूद मीडिया द्वारा जब अधिकारियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि रेड अभी जारी है। पूरी कार्रवाई संपन्न होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल अधिकारियों ने इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल है, जबकि पुलिस की अगली कार्रवाई और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।









