
धनबाद : सरस्वती पूजा से पहले जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, संभावित उपद्रव और आपात स्थिति से निपटने को लेकर पुलिस बल ने अभ्यास किया।
मौके पर मौजूद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य दंगों की रोकथाम और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना है। इसी को ध्यान में रखते हुए एंटी रॉयट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, ताकि पुलिस बल पूरी तरह से सतर्क और तैयार रहे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरस्वती पूजा को लेकर जिले में लगभग 408 स्थानों पर पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं, जबकि करीब 250 स्थानों पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। पूजा और विसर्जन के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है। ऐसे में यदि कहीं भी हिंसा या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उससे कैसे निपटना है, इसका अभ्यास इस मॉक ड्रिल में किया गया।
सिटी एसपी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग शांति और सौहार्द के साथ मां सरस्वती की पूजा करें। पढ़ाई-लिखाई और ज्ञान के पर्व को मर्यादित तरीके से मनाएं और किसी भी तरह के हुड़दंग या अफवाहों से दूर रहें।









